NHAI Dirty Toilet Reward: नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए काम की खबर है. अगर आपको किसी टोल प्लाजा पर NHAI के अधीन आने वाला टॉयलेट गंदा या अस्वच्छ दिखाई देता है, तो अब इसकी शिकायत करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ‘Clean Toilet Picture Challenge’ को अब 30 जून 2027 तक बढ़ा दिया है. यानी यह सुविधा अभी भी लागू है.
गंदे टॉयलेट की फोटो भेजने पर 1000 का इनाम
NHAI की इस पहल के तहत हाईवे यात्री गंदे टॉयलेट की शिकायत करके 1,000 रुपए का FASTag रिचार्ज हासिल कर सकते हैं. संबंधित वाहन के VRN से जुड़े FASTag में रिचार्ज के रूप में क्रेडिट किया जाता है, नकद भुगतान नहीं किया जाता. NHAI के अनुसार, 2026 में अब तक करीब 429 यात्रियों को 1,000 रुपए का FASTag रिचार्ज इस अभियान के तहत दिया जा चुका है.
कैसे करें शिकायत?
इसके लिए यात्री को सबसे पहले Rajmargyatra मोबाइल ऐप के लेटेस्ट वर्जन का इस्तेमाल करना होगा. गंदे टॉयलेट की स्पष्ट, जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प वाली फोटो ऐप के जरिए अपलोड करनी होगी.
फोटो के साथ यूजर को अपना नाम, टॉयलेट की लोकेशन, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी भी देनी होगी. इसके बाद NHAI की ओर से शिकायत की जांच की जाएगी. पात्र शिकायत की पुष्टि होने पर संबंधित VRN से जुड़े FASTag में 1,000 रुपए का रिचार्ज किया जाएगा.
हर टॉयलेट की शिकायत पर नहीं मिलेगा इनाम
यहां एक जरूरी शर्त समझना बेहद जरूरी है. यह योजना सिर्फ NHAI के अधिकार क्षेत्र में आने वाले टॉयलेट पर लागू है. पेट्रोल पंप, ढ़ाबे या ऐसी दूसरी जगहों के टॉयलेट, जो NHAI के नियंत्रण में नहीं हैं, इस योजना में शामिल नहीं हैं.
इसके अलावा, एक ही टॉयलेट की एक ही दिन में कई शिकायतें आने पर सिर्फ पहली वैध रिपोर्ट को इनाम के लिए माना जाएगा. एक वाहन का VRN पूरी योजना अवधि में केवल एक बार 1,000 के इनाम के लिए पात्र है.
फोटो की होगी जांच
NHAI के मुताबिक, शिकायतों की जांच AI-Assisted Screening और जरूरत पड़ने पर मैनुअल वेरिफिकेशन के जरिए की जाएगी. इसलिए फोटो वास्तविक, साफ और उसी स्थान की होनी चाहिए. गलत या भ्रामक तस्वीर अपलोड करने से इनाम मिलने की गारंटी नहीं है.
13 अगस्त 2026 तक स्थिति
इस समय सबसे महत्वपूर्ण अपडेट यह है कि Clean Toilet Picture Challenge की समयसीमा 30 जून 2027 तक बढ़ चुकी है. इसलिए नेशनल हाईवे पर सफर के दौरान NHAI के अधीन आने वाला गंदा टॉयलेट दिखे, तो उसकी सही तरीके से फोटो लेकर Rajmargyatra ऐप पर रिपोर्ट की जा सकती है और सत्यापन के बाद 1,000 का FASTag रिचार्ज मिल सकता है.
यह भी पढ़ें- देश में 56% गाड़ियां बिना इंश्योरेंस! सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- तुरंत काटो चालान




