Census 2027: भारत में 2027 की जनगणना इस बार पूरी तरह डिजिटल अंदाज में होने जा रही है, जो देश की अब तक की सबसे आधुनिक जनगणना मानी जा रही है. सरकार ने पहली बार नागरिकों को यह सुविधा दी है कि वे खुद अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए अपनी जनगणना पूरी कर सकते हैं. इस नई व्यवस्था को सेल्फ-एन्यूमरेशन (स्व-गणना) कहा जा रहा है, जो डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा कदम है.
डिजिटल जनगणना का नया दौर
Census 2027 को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया गया है. पहले जहां सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाते थे, वहीं अब लोग खुद ही अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे. इससे न केवल प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि डेटा की सटीकता भी बढ़ेगी और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी.
मोबाइल से आसान हुआ पूरा प्रोसेस
सरकार ने ऑनलाइन जनगणना के लिए एक सरल और यूजर-फ्रेंडली सिस्टम तैयार किया है. नागरिकों को पहले आधिकारिक पोर्टल, se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा और OTP के जरिए लॉगिन करना होगा. इसके बाद वे अपने परिवार, घर और अन्य जरूरी जानकारी भरकर फॉर्म सबमिट कर सकते हैं. प्रक्रिया पूरी होने पर एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) जारी की जाएगी, जिसे बाद में सत्यापन के लिए दिखाना जरूरी होगा.
जरूरी जानकारी भरना होगा अनिवार्य
स्व-गणना के दौरान नागरिकों को अपने परिवार के सदस्यों की संख्या, जाति की श्रेणी, मकान की स्थिति और घर की सुविधाओं जैसे पानी, बिजली, शौचालय व इंटरनेट की उपलब्धता समेत अन्य जरूरी जानकारियां देनी होगी.
तेजी से बढ़ रही भागीदारी
अप्रैल 2026 से देश के कई हिस्सों में इस ऑनलाइन प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है और बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग ले रहे हैं. यह पहल खासतौर पर शहरी क्षेत्रों में तेजी से लोकप्रिय हो रही है, जहां लोग डिजिटल माध्यम को अधिक प्राथमिकता देते हैं.
क्यों खास है Census 2027?
यह जनगणना कई मायनों में खास है, क्योंकि इसमें तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे समय और संसाधनों की बचत होगी, साथ ही नागरिकों की सीधी भागीदारी भी सुनिश्चित होगी. डिजिटल डेटा के माध्यम से सरकार भविष्य की योजनाओं और नीतियों को अधिक प्रभावी तरीके से तैयार कर सकेगी.
देश के विकास में हर व्यक्ति की भूमिका जरूरी
कुल मिलाकर Census 2027 भारत के प्रशासनिक और डिजिटल विकास का एक महत्वपूर्ण कदम है. मोबाइल से खुद जनगणना करने की सुविधा ने इसे पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुलभ बना दिया है. ऐसे में, हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करे और देश के विकास में अपना योगदान दे.
यह भी पढ़ें- फैमिली वेकेशन को बनाएं टेंशन-फ्री, घर छोड़ने से पहले न करें ये गलतियां




