Family Vacation and Home Safety: आजकल छुट्टियों का प्लान बनाना जितना आसान हो गया है, उतना ही जरूरी हो गया है घर को सुरक्षित छोड़ना. अक्सर लोग पैकिंग और टिकट बुकिंग में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि घर की सुरक्षा और तैयारी को नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक, छोटी-छोटी लापरवाहियां चोरी, आग, पानी के नुकसान या आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती हैं. अगर आप भी फैमिली वेकेशन पर जा रहे हैं, तो इन छोटी-बड़ी गलतियों से जरूर बचें.
दरवाजे-खिड़कियां ठीक से लॉक न करना
यह सबसे आम गलती है. कई लोग जल्दी में खिड़की या पीछे का दरवाजा खुला छोड़ देते हैं. घर से निकलने से पहले हर लॉक को दो बार चेक करें.
सोशल मीडिया पर तुरंत लोकेशन शेयर करना
वेकशन की फोटो और लोकेशन तुरंत पोस्ट करना चोरों को संकेत देता है कि घर खाली है. बेहतर है कि ट्रिप खत्म होने के बाद ही तस्वीरें शेयर करें.
बिजली के उपकरण चालू छोड़ देना
टीवी, चार्जर, किचन उपकरण आदि ऑन छोड़ना आग का खतरा बढ़ाता है. एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि गैर-जरूरी उपकरण जरूर अनप्लग करें.
घर को पूरी तरह अंधेरा छोड़ देना
पूरी तरह अंधेरा घर चोरों के लिए आसान निशाना बन जाता है. इससे यह साफ संकेत मिलता है कि घर में कोई मौजूद नहीं है और कई दिनों से गतिविधि नहीं हुई है. इसलिए बेहतर है कि टाइमर या स्मार्ट लाइट्स का इस्तेमाल कर घर में सामान्य माहौल बनाए रखें.
पड़ोसी या रिश्तेदार को जानकारी न देना
अगर आप किसी भरोसेमंद व्यक्ति को अपने जाने की जानकारी नहीं देते, तो इमरजेंसी में मदद मिलना मुश्किल हो सकता है. पड़ोसी को घर पर नजर रखने के लिए जरूर कहें.
डाक और अखबार जमा होने देना
घर के बाहर जमा डाक या अखबार साफ संकेत देते हैं कि घर खाली है. पोस्ट ऑफिस से डिलीवरी रोकने या पड़ोसी से उठवाने की व्यवस्था करें.
खराब खाना और कचरा छोड़ देना
घर में खराब होने वाला खाना या कचरा छोड़ना बदबू और कीड़े-मकौड़ों को बुलावा देता है. जाने से पहले किचन पूरी तरह साफ करें.
पानी की लाइन और लीकेज को नजरअंदाज करना
छोटा सा लीकेज भी आपके घर को बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है. कई विशेषज्ञ लंबी छुट्टी पर जाते समय मुख्य पानी सप्लाई बंद करने की सलाह देते हैं.
पूजा घर में जलता दीया छोड़ना
वेकशन पर निकलने से पहले यह जरूर जांच लें कि पूजा घर में कोई दीया या अगरबत्ती जलती हुई न रह जाए. घर से बाहर जाने से पहले इन्हें पूरी तरह बुझा देना जरूरी है, ताकि आग लगने जैसी किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.
कीमती सामान घर में छोड़ देना
कैश, ज्वेलरी और जरूरी दस्तावेज घर में छोड़ना जोखिम भरा है. इन्हें लॉकर में रखें या किसी रिश्तेदार या पड़ोसी के घर रख दें.
सिक्योरिटी सिस्टम को नजरअंदाज करना
आज के समय में CCTV, स्मार्ट लॉक और अलार्म सिस्टम बेहद जरूरी हैं. ये न सिर्फ चोरी रोकते हैं, बल्कि आपको रियल टाइम अपडेट भी देते हैं.
जरूरी डॉक्यूमेंट्स साथ न रखना
वेकशन पर निकलते समय यह जरूर सुनिश्चित कर लें कि आपके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हों. आईडी प्रूफ, होटल बुकिंग और टिकट की हार्ड कॉपी अपने साथ रखें. केवल डिजिटल कॉपी पर निर्भर रहना कई बार परेशानी खड़ी कर सकता है, खासकर नेटवर्क या डिवाइस से जुड़ी दिक्कतों के कारण.
कैश साथ न रखना
हर जगह यूपीआई या कार्ड काम नहीं करता, खासकर दूर-दराज या नेटवर्क कमजोर इलाकों में. ऐसे में, समझदारी इसी में है कि अपने पास थोड़ा कैश जरूर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी तरह की परेशानी न हो.
फर्स्ट एड किट साथ न रखना
बुखार, पेट दर्द, सीने में जलन या एसिडिटी जैसी आम स्वास्थ्य समस्याएं कभी भी हो सकती हैं. ऐसे में, अपने साथ एक बेसिक फर्स्ट एड किट रखना समझदारी है, ताकि इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत राहत मिल सके और परेशानी बढ़ने से बचाई जा सके.
छोटी तैयारियां, बड़े नुकसान से बचाव
फैमिली वेकेशन का असली मजा तभी आता है जब आप बिना किसी चिंता के यात्रा का आनंद ले सकें. घर की छोटी-छोटी तैयारियां आपको बड़े नुकसान से बचा सकती हैं. इसलिए अगली बार ट्रिप पर जाने से पहले यह चेकलिस्ट जरूर फॉलो करें, ताकि लौटकर आपको कोई बुरा सरप्राइज न मिले, बल्कि सिर्फ अच्छी यादें मिलें.
यह भी पढ़ें- फ्लैट से शुरू करें ये स्मार्ट बिजनेस, सोसायटी में बैठे-बैठे होगी जबरदस्त कमाई




