Bettiah Crime News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है. शहर के व्यस्त इलाके में स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स (Senco Gold and Diamonds) के शोरूम को आठ हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधी शोरूम से सोने, हीरे और अन्य कीमती आभूषण लूटकर फरार हो गए. लूटे गए गहनों की अनुमानित कीमत 30 से 40 करोड़ रुपए बताई जा रही है. हालांकि, नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है.
तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे आठ बदमाश
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बेतिया के कालीबाग थाना क्षेत्र में सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में हुई. बुधवार दोपहर करीब आठ हथियारबंद अपराधी तीन बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे. इसके बाद वे हथियारों के साथ शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों को डराकर लूटपाट शुरू कर दी.
अचानक हुई इस घटना से शोरूम के अंदर अफरा-तफरी मच गई. अपराधियों ने कुछ ही समय में वहां रखे कीमती आभूषण समेट लिए और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.
कर्मचारी को बंदूक की बट से पीटा
लूट के दौरान बदमाशों ने शोरूम के एक कर्मचारी के साथ मारपीट भी की. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कर्मचारी के सिर पर बंदूक की बट से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
डीआईजी और एसएसपी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय और एसपी कुमार गौतम सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली.
पुलिस ने अपराधियों की पहचान के लिए शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. साथ ही, बदमाश किस रास्ते से फरार हुए, इसका पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है. पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं.
30 से 40 करोड़ की लूट का अनुमान, आधिकारिक आकलन बाकी
इस वारदात में करीब 30 से 40 करोड़ रुपए के आभूषण लूटे जाने का शुरुआती अनुमान सामने आया है. हालांकि, शोरूम में मौजूद गहनों की पूरी सूची और उनकी कीमत का मिलान होने के बाद ही वास्तविक नुकसान स्पष्ट होगा.
बेतिया जैसे व्यस्त शहरी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आठों अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और लूटे गए आभूषणों को बरामद करना है.
यह भी पढ़ें- 4 साल की बच्ची ने जूठा किया छठ का प्रसाद, मां की पिटाई के बाद गई मासूम की जान




