Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां छठ पूजा का प्रसाद जूठा करने से नाराज एक मां पर अपनी ही चार साल की बेटी की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है. गंभीर हालत में बच्ची को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
प्रसाद जूठा करने पर मां को आया गुस्सा
यह मामला समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड नंबर 12 का है. यहां रहने वाले राजू पासवान की पत्नी रीना कुमारी छठ पूजा के लिए घर में प्रसाद और पकवान तैयार कर रही थी.
इसी दौरान उनकी चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी ने प्रसाद खाने की जिद की. बताया जा रहा है कि मां के मना करने के बावजूद बच्ची ने प्रसाद के पकवान को हाथ लगा दिया और उसे जूठा कर दिया. इसी बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी.
मारपीट के बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी. उसकी हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घर के बाकी सदस्य गए थे छठ घाट बनाने
मृत बच्ची के पिता राजू पासवान के मुताबिक, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा की तैयारियों के लिए गांव में घाट बनाने गए हुए थे. घर पर रीना और बच्ची सुहानी मौजूद थीं. इसी दौरान यह दर्दनाक घटना हुई.
सुहानी तीन बच्चों वाले परिवार में दूसरे नंबर पर थी. उसकी एक सात साल की बड़ी बहन शिवानी कुमारी और डेढ़ साल का छोटा भाई राजा कुमार है. बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
आरोपी मां गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने पर पूसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है.
पूसा थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
छठ पूजा जैसे आस्था और परिवार की खुशहाली से जुड़े पर्व की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु में खूनी खेल! कैब ड्राइवर पर पत्नी समेत ससुराल के 7 लोगों की हत्या का आरोप




