IRCTC New Ticket Booking System: भारतीय रेलवे ने ट्रेन टिकट बुकिंग को तेज और आसान बनाने के लिए अपने पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को अपग्रेड करना शुरू कर दिया है. इस नए सिस्टम पर 2,200 से अधिक ट्रेनों का डेटा ट्रांसफर किया जा चुका है. इससे टिकट बुकिंग की क्षमता पांच गुना तक बढ़ सकती है. खास बात यह है कि नए सिस्टम में आधार और ओटीपी वेरिफिकेशन को मजबूत करने के साथ ऑटोमैटिक टिकट बुक करने वाले बॉट्स पर भी लगाम लगाने की तैयारी है. इससे तत्काल टिकट बुक करने वाले आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
2200 से ज्यादा ट्रेनों का डेटा नए सिस्टम में ट्रांसफर
भारतीय रेलवे के नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) विकसित कर रहा है. रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 तक 2,200 से अधिक ट्रेनों को नए रिजर्वेशन सिस्टम पर शिफ्ट किया जा चुका था. यह बदलाव अगस्त 2026 से शुरू हुआ था.
इसका उद्देश्य टिकट बुकिंग के पुराने ढ़ांचे को आधुनिक बनाना है, ताकि यात्रियों की बढ़ती संख्या और त्योहारों के दौरान अचानक बढ़ने वाले ट्रैफिक को आसानी से संभाला जा सके.
अब हर मिनट बुक हो सकेंगे 1.5 लाख से ज्यादा टिकट
नए PRS सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत इसकी बढ़ी हुई क्षमता है. पुराने सिस्टम में एक मिनट में करीब 32 हजार टिकट बुक करने की क्षमता थी, जबकि अपग्रेडेड सिस्टम एक मिनट में 1.5 लाख से अधिक टिकट बुकिंग संभालने में सक्षम होगा. यानी इसकी क्षमता लगभग पांच गुना हो जाएगी.
इससे तत्काल टिकट की बुकिंग के समय वेबसाइट पर आने वाली परेशानी, सर्वर पर अधिक दबाव और पेमेंट फेल होने जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, वास्तविक बुकिंग की गति इंटरनेट कनेक्शन और अन्य तकनीकी स्थितियों पर भी निर्भर करेगी.
तत्काल टिकट में दलालों और बॉट्स पर लगेगी लगाम?
तत्काल टिकट खुलते ही कुछ ही मिनटों में सीटें भर जाती हैं. ऐसे में, आम यात्रियों को कई बार टिकट नहीं मिल पाता. नए रिजर्वेशन सिस्टम में आधार और ओटीपी आधारित सत्यापन को मजबूत किया जा रहा है. इसका मकसद फर्जी अकाउंट, अनधिकृत एजेंटों और ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर यानी बॉट्स के जरिए होने वाली बुकिंग पर रोक लगाना है.
रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग में आधार आधारित सत्यापन जुलाई 2025 में शुरू किया था. इसके बाद ओटीपी वेरिफिकेशन भी लागू किया गया. नए सिस्टम में इन सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने से वास्तविक यात्रियों को फायदा मिल सकता है. हालांकि, इससे दलाली पूरी तरह समाप्त हो जाएगी, ऐसा दावा करना अभी जल्दबाजी होगी.
एक मिनट में 40 लाख पूछताछ का जवाब देगा नया सिस्टम
नए PRS की क्षमता सिर्फ टिकट बुकिंग तक सीमित नहीं है. रेलवे के अनुसार, अपग्रेडेड सिस्टम एक मिनट में 40 लाख से अधिक पूछताछ को प्रोसेस कर सकेगा. पुराने सिस्टम की क्षमता करीब 4 लाख पूछताछ प्रति मिनट थी.
इससे ट्रेन, सीट की उपलब्धता और आरक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना आसान होगा. रेलवे का यह डिजिटल अपग्रेड यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर टिकट बुकिंग सुविधा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
यह भी पढ़ें- रेलवे के RAC नियम पर लग सकता है ब्रेक! क्या अब एक बर्थ पर दो अनजान यात्रियों का सफर होगा खत्म?




