Bank Holidays November 2026: अगर आपको नवंबर 2026 में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो छुट्टियों की तारीखें पहले से जान लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा. नवंबर में दिवाली, गोवर्धन पूजा, छठ पूजा और गुरु नानक जयंती जैसे कई त्योहार पड़ रहे हैं. इनके अलावा हर महीने की तरह इस बार भी रविवार और महीने के दूसरे व चौथे शनिवार को बैंक बंद रहेंगे.
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और स्थानीय आयोजनों के कारण बैंक कई तारीखों पर बंद रहेंगे. हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि सभी छुट्टियां पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होंगी. कुछ राज्यों में बैंक खुले रहेंगे, जबकि दूसरे राज्यों में उसी दिन बैंकिंग कामकाज बंद रहेगा.
नवंबर 2026 में इन तारीखों पर बंद रहेंगे बैंक
नवंबर में त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों में बैंक शाखाओं की छुट्टियां निर्धारित की गई हैं. प्रमुख तारीखें और उनके कारण इस प्रकार हैं:
2 नवंबर: नोंगक्रेम डांस के अवसर पर मेघालय में बैंक बंद रहेंगे.
9 नवंबर: दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस (कुछ राज्यों में) के कारण त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे.
10 नवंबर: दिवाली (बली प्रतिपदा), गोवर्धन पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के अवसर पर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में बैंकिंग कामकाज नहीं होगा.
11 नवंबर: लक्ष्मी पूजा, भाई दूज, निंगोल चक्कौबा और चित्रगुप्त जयंती के कारण सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे.
13 नवंबर: वांगला महोत्सव के कारण मेघालय में बैंक बंद रहेंगे.
16 नवंबर: छठ पूजा के अवसर पर बिहार और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे.
20 नवंबर: इगास-बग्वाल के कारण उत्तराखंड में बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी.
23 नवंबर: सेंग कुट स्नेम त्योहार के अवसर पर मेघालय में बैंक बंद रहेंगे.
24 नवंबर: गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और राहस पूर्णिमा के कारण कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बैंक बंद रहेंगे. इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और अन्य क्षेत्र शामिल हैं.
27 नवंबर: कनकदास जयंती के कारण कर्नाटक में बैंक बंद रहेंगे.
दूसरे और चौथे शनिवार को भी बंद रहेंगे बैंक
त्योहारों के अलावा नवंबर में नियमित साप्ताहिक छुट्टियां भी रहेंगी. RBI के नियमों के अनुसार, भारत में बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं. नवंबर 2026 में दूसरा शनिवार 14 नवंबर और चौथा शनिवार 28 नवंबर को पड़ रहा है. इन दोनों तारीखों पर देशभर की बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी.
रविवार की छुट्टियां
इसके अलावा नवंबर में रविवार की छुट्टियां भी पड़ेंगी. इस महीने 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर को रविवार है. इसलिए इन पांचों दिनों में भी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.
बैंक बंद रहने पर भी मिलती रहेंगी ऑनलाइन सेवाएं
बैंक की शाखाएं बंद होने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों के सभी बैंकिंग काम रुक जाएंगे. छुट्टियों के दौरान भी आमतौर पर UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है. ग्राहक ATM के माध्यम से नकदी भी निकाल सकते हैं.
हालांकि, चेक क्लियरेंस, बैंक ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट और शाखा में जाकर किए जाने वाले दूसरे कामों के लिए बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ सकता है.
बैंक जाने से पहले जरूर जांच लें छुट्टियों की लिस्ट
नवंबर में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो आखिरी समय का इंतजार न करें. खासकर बिहार और झारखंड के ग्राहकों को छठ पूजा के दौरान बैंक की छुट्टियों का ध्यान रखना चाहिए. इसी तरह 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के कारण कई क्षेत्रों में बैंक बंद रहेंगे.
ग्राहकों को सलाह है कि बैंक जाने से पहले RBI की आधिकारिक छुट्टी सूची या अपने बैंक की वेबसाइट पर अपने शहर की छुट्टियां जरूर जांच लें. इससे बेवजह बैंक शाखा के चक्कर लगाने से बचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें- BPSC 72nd Prelims: कम समय में बेहतर तैयारी के लिए अपनाएं ये खास रणनीति




