Rekha Gupta Cleaning Munak Canal: छठ महापर्व के बाद दिल्ली में सफाई को लेकर एक अलग ही नजारा देखने को मिला. जिस मुनक नहर के घाटों पर कुछ दिन पहले छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी, गुरुवार को वहीं सफाई अभियान चलाया गया. इस अभियान में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद सफाई करती नजर आईं. उन्होंने अपनी पैंट ऊपर मोड़ी, चप्पल उतारी और नहर के घाट पर उतरकर गंदगी साफ की. इस दौरान बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी झाड़ू थामकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया.
मुनक नहर में उतरकर सफाई करने लगीं मुख्यमंत्री
दिल्ली के शालीमार बाग स्थित मुनक नहर घाट पर आयोजित इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. सामने आए वीडियो और तस्वीरों में मुख्यमंत्री बिना चप्पल के नहर के किनारे सफाई करती दिखाई दीं. उन्होंने खुद सफाई में हिस्सा लेकर लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की कि त्योहारों के बाद सार्वजनिक जगहों को साफ रखना भी उतना ही जरूरी है, जितना उत्साह के साथ त्योहार मनाना.
इस अभियान में अभिनेता जैकी श्रॉफ भी सक्रिय नजर आए. उनके साथ अभिनेत्री ईशा गुप्ता और गायक स्टेबिन बेन व बिस्मिल ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और युवा स्वयंसेवकों ने भी श्रमदान किया.
जैकी श्रॉफ ने लोगों से की खास अपील
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इस मौके पर कहा कि केवल सफाई की बातें करने से कुछ नहीं होगा, बल्कि इसके लिए लोगों को खुद आगे आना पड़ेगा. उन्होंने नदियों और जल स्रोतों को साफ रखने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की बताई.
उन्होंने कहा कि जिन नदियों को हम देवी मानकर उनकी पूजा करते हैं, उनमें कचरा डालना सही नहीं है. आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, स्वच्छ हवा और साफ पानी छोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है.
वहीं, अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने भी लोगों से कचरा इधर-उधर फेंकने से पहले सोचने की अपील की. गायक स्टेबिन बेन ने सफाई को रोजमर्रा की आदत बनाने पर जोर दिया.
सिर्फ नहर नहीं, पूरी दिल्ली को साफ रखने का संदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल मुनक नहर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पूरी दिल्ली और यमुना को स्वच्छ रखना है. उन्होंने कहा कि जब लोग पूरे उत्साह से त्योहार मनाते हैं और अपनी संस्कृति व परंपराओं को आगे बढ़ाते हैं, तो कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन जगहों की सफाई करना भी उनकी जिम्मेदारी है.
इस कार्यक्रम का आयोजन भामला फाउंडेशन और मॉडर्न पब्लिक स्कूल की ओर से किया गया. गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने इस साल मुनक नहर के सूखे हिस्से के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट तैयार कराया था.
इस सफाई अभियान के जरिए लोगों को साफ संदेश दिया गया कि आस्था और स्वच्छता एक-दूसरे से अलग नहीं हैं. त्योहार मनाने के साथ-साथ घाटों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है.
यह भी पढ़ें- सर्दियों में बढ़ेगा रूम हीटर का इस्तेमाल! चलाने से पहले जान लें ये 7 जरूरी सावधानियां




