Political Defections 2026: भारतीय राजनीति में इन दिनों ऐसा लग रहा है मानो “दल-बदल महोत्सव 2026” चल रहा हो. पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को उसके सांसदों ने झटका दिया, फिर तृणमूल कांग्रेस (TMC) में बगावत का बिगुल बजा और अब शिवसेना (UBT) के सांसदों को लेकर भी सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है. विपक्षी खेमे में नेताओं को संभालने की कवायद कुछ ऐसी चल रही है जैसे शादी में बारातियों को प्लेट लेकर भागने से रोका जाता है.
AAP को सबसे बड़ा झटका, सांसदों ने थामा BJP का हाथ
सबसे पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका तब लगा जब उसके राज्यसभा के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने पार्टी छोड़कर भाजपा में विलय का दावा कर दिया. राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल समेत कई सांसदों के भाजपा के साथ जाने की खबर ने AAP नेतृत्व की नींद उड़ा दी.
जो पार्टी कभी कांग्रेस और भाजपा दोनों को राजनीति का पुराना मॉडल बताती थी, आज उसी पार्टी के सांसद भाजपा के साथ नई राजनीतिक मंजिल तलाशते दिखाई दे रहे हैं. राजनीति में इसे ही शायद “विकास की नई दिशा” कहा जाता है.
TMC में भी बगावत, सांसदों ने बनाया नया ठिकाना
AAP का झटका अभी पुराना भी नहीं पड़ा था कि पश्चिम बंगाल से एक और बड़ी खबर आ गई. TMC के 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होकर NCPI नाम के नए राजनीतिक मंच का दामन थाम लिया. मामला अब लोकसभा अध्यक्ष तक पहुंच चुका है और बागी सांसदों के विलय पर सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है.
राजनीतिक विश्लेषक मजाक में कह रहे हैं कि बंगाल में अब केवल चुनावी मोर्चे नहीं बन रहे, बल्कि सांसद भी अपना अलग स्टार्टअप शुरू कर रहे हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि यहां निवेशक नहीं, सांसद जुटाए जाते हैं.
ममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें
बगावत के बाद ममता बनर्जी भी नुकसान की भरपाई में जुट गई हैं. पार्टी संगठन में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं और कई नेताओं की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. माना जा रहा है कि यह कदम पार्टी के भीतर बढ़ रहे असंतोष को नियंत्रित करने की कोशिश का हिस्सा है. राजनीति में जब संगठनात्मक फेरबदल शुरू हो जाए तो समझ लीजिए कि नेतृत्व यह संदेश देना चाहता है कि “जो गया सो गया, बाकी लाइन में रहें.”
अब शिवसेना UBT की बारी?
AAP और TMC के बाद अब महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल दिखाई दे रही है. खबरें हैं कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के कई सांसद और विधायक शिंदे गुट के संपर्क में हैं. “ऑपरेशन टाइगर” नाम से चल रही चर्चाओं में दावा किया जा रहा है कि 7 सांसदों को साथ लाने की कोशिश हो रही है.
हालांकि शिवसेना UBT लगातार इन अटकलों को खारिज कर रही है और पार्टी का दावा है कि उसके सांसद एकजुट हैं. उद्धव ठाकरे ने भी विधायकों और नेताओं की बैठक बुलाकर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है.
वहीं, उद्धव ठाकरे पहले ही साफ कर चुके हैं कि यदि कोई नेता पार्टी छोड़ना चाहता है तो वह स्वतंत्र है, लेकिन उनका मानना है कि बालासाहेब ठाकरे के विचारों और विरासत से जुड़ी शिवसेना को छोड़ने वाले नेताओं को भविष्य में अपने फैसले पर पछताना पड़ सकता है.
सांसदों की राजनीति या भविष्य की गणित?
इन घटनाओं को देखकर ऐसा लगता है कि अब राजनीति में विचारधारा से ज्यादा भविष्य की संभावनाएं मायने रखने लगी हैं. जो नेता कल तक किसी पार्टी को देश की सबसे बड़ी समस्या बताते थे, आज उसी पार्टी के मंच पर मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं. राजनीति में अब स्थायी दोस्त और दुश्मन की जगह स्थायी अवसरों का दौर आ गया है. जहां संभावना दिखी, वहीं नया ठिकाना मिल गया.
विपक्ष की सबसे बड़ी चुनौती
INDIA गठबंधन के कई दल पहले से ही राजनीतिक दबाव झेल रहे हैं. ऐसे में, लगातार सामने आ रही बगावत और दल-बदल की खबरें विपक्ष के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं. अगर यही सिलसिला जारी रहा तो आने वाले समय में विपक्षी दलों को जनता से ज्यादा अपने सांसदों को मनाने में ऊर्जा खर्च करनी पड़ सकती है.
राजनीति का रियलिटी शो: अगला नंबर किसका?
AAP के सांसद भाजपा में चले गए, TMC के सांसदों ने अलग दल का रास्ता चुन लिया और अब शिवसेना UBT में टूट की चर्चाएं तेज हैं. कुल मिलाकर, भारतीय राजनीति का हाल इन दिनों किसी रियलिटी शो जैसा हो गया है, जहां हर हफ्ते कोई न कोई प्रतिभागी नया मंच चुन लेता है.
जनता बस बैठकर यह देख रही है कि अगला एपिसोड किस पार्टी के नाम रहने वाला है. क्योंकि राजनीति में आजकल एक ही नियम सबसे ज्यादा लागू होता दिखाई दे रहा है कि कुर्सी स्थायी नहीं होती, लेकिन उसकी तलाश हमेशा जारी रहती है.
यह भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान समझौते से इजरायल नाराज, हमले जारी रखने का किया ऐलान




