HomeMoreएजुकेशनNEET UG 2026: परीक्षा वाले दिन इन नियमों की अनदेखी पड़ सकती...

NEET UG 2026: परीक्षा वाले दिन इन नियमों की अनदेखी पड़ सकती है भारी, जान लें पूरी गाइडलाइन

NEET UG 2026 Exam Day Guidelines: नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर देशभर के लाखों अभ्यर्थियों की निगाहें परीक्षा के दिन पर टिकी हैं. इस बीच, National Testing Agency (NTA) ने एडमिट कार्ड के साथ कई महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए हैं. इन नियमों का पालन नहीं करने पर उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से रोका जा सकता है या उनकी उम्मीदवारी भी प्रभावित हो सकती है. यदि आप भी NEET परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, तो परीक्षा केंद्र जाने से पहले इन सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें.

समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य
NTA के मुताबिक, उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड में दिए गए Reporting Time के अनुसार ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा. गेट बंद होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसलिए अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए समय से पहले केंद्र पहुंचना बेहतर रहेगा.

परीक्षा शुरू होने के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस नियम का सख्ती से पालन किया जाएगा.

परीक्षा खत्म होने से पहले नहीं छोड़ सकते केंद्र
अभ्यर्थियों को परीक्षा समाप्त होने से पहले परीक्षा कक्ष या केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा पूरी होने के बाद भी उम्मीदवारों को निरीक्षक (Invigilator) के निर्देशों का इंतजार करना होगा और एक-एक करके बाहर निकलना होगा.

एडमिट कार्ड के तीनों पेज साथ ले जाना जरूरी
NTA ने बताया है कि एडमिट कार्ड कुल तीन पृष्ठों का है. पहला पेज परीक्षा केंद्र की जानकारी और Self Declaration Form से संबंधित है. दूसरा पेज पोस्टकार्ड साइज फोटो चिपकाने के लिए निर्धारित है और तीसरे पेज पर उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं. उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के सभी पेज डाउनलोड कर प्रिंट कर साथ ले जाने होंगे.

परीक्षा केंद्र का पहले से कर लें निरीक्षण
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा से एक दिन पहले परीक्षा केंद्र का स्थान देख लें. इससे परीक्षा वाले दिन रास्ता भटकने, ट्रैफिक या अन्य समस्याओं से बचा जा सकेगा.

बिना एडमिट कार्ड और पहचान पत्र नहीं मिलेगा प्रवेश
NTA ने स्पष्ट किया है कि निम्नलिखित दस्तावेजों के बिना किसी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा—
वैध एडमिट कार्ड
फोटोयुक्त पहचान पत्र
आवश्यक दस्तावेज
सुरक्षा जांच (Frisking) की प्रक्रिया पूरी करना

सुरक्षा जांच हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से की जाएगी.

परीक्षा केंद्र में क्या-क्या ले जा सकते हैं?
NTA ने परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं की सूची भी जारी की है.

अनुमत वस्तुएं
पारदर्शी पानी की बोतल
आवेदन पत्र में अपलोड की गई फोटो जैसी दो अतिरिक्त पासपोर्ट साइज तस्वीरें
पोस्टकार्ड साइज फोटो लगी हुई एडमिट कार्ड की कॉपी
पूरी तरह भरा हुआ Self Declaration (Undertaking) फॉर्म
PwD/PwBD अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र

इनके अलावा किसी अन्य वस्तु को ले जाने की अनुमति नहीं होगी.

फोटो और अंगूठे का निशान स्पष्ट होना चाहिए
उम्मीदवारों को निर्देश दिया गया है कि वे एडमिट कार्ड पर निर्धारित स्थान पर फोटो सही तरीके से लगाएं. साथ ही बाएं हाथ के अंगूठे का निशान (Left-Hand Thumb Impression) साफ और स्पष्ट होना चाहिए. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर हस्ताक्षर पहले से न करें. उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निरीक्षक के निर्देशानुसार निर्धारित स्थान पर उनके सामने ही हस्ताक्षर करने होंगे.

कौन-कौन से पहचान पत्र मान्य होंगे?
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए निम्नलिखित पहचान पत्रों में से कोई एक साथ रखना आवश्यक होगा—
आधार कार्ड
पैन कार्ड
ड्राइविंग लाइसेंस
वोटर आईडी कार्ड
पासपोर्ट
राशन कार्ड

पहचान पत्र पर फोटो स्पष्ट होना चाहिए.

PwD उम्मीदवारों के लिए विशेष व्यवस्था
PwD/PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा. पात्र उम्मीदवारों को स्क्राइब (Scribe) और अतिरिक्त समय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. NTA के अनुसार, तीन घंटे की परीक्षा के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जा सकता है.

मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र में निम्नलिखित वस्तुएं ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा—
मोबाइल फोन
स्मार्ट वॉच
ब्लूटूथ डिवाइस
कैलकुलेटर
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट
ईयरफोन
किसी भी प्रकार के संचार उपकरण

यदि किसी उम्मीदवार के पास ऐसी वस्तुएं पाई जाती हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

रफ वर्क के लिए अलग शीट नहीं मिलेगी
अभ्यर्थियों को रफ कार्य केवल प्रश्न पुस्तिका में दिए गए स्थान पर ही करना होगा. अलग से कोई रफ शीट उपलब्ध नहीं कराई जाएगी. प्रश्न पुस्तिका के किनारों पर भी आवश्यकता अनुसार नोट्स बनाए जा सकते हैं.

CCTV और जैमर की निगरानी में होगी परीक्षा
NTA ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षा केंद्र CCTV निगरानी और जैमर सिस्टम से लैस होंगे. किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों का उपयोग या परीक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

OMR शीट जमा करना होगा अनिवार्य
परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को OMR शीट की मूल और कार्यालय प्रति निरीक्षक को सौंपनी होगी. OMR पर उम्मीदवार के हस्ताक्षर और निरीक्षक के हस्ताक्षर निर्धारित स्थान पर होना जरूरी होगा.

बायो-ब्रेक को लेकर भी सख्त नियम
NTA के अनुसार, परीक्षा के पहले एक घंटे और अंतिम आधे घंटे में किसी प्रकार का बायो-ब्रेक नहीं दिया जाएगा. इसके अलावा बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा जांच दोबारा भी की जा सकती है.

AI तकनीक से होगी निगरानी
इस बार NTA ने AI आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग करने की भी जानकारी दी है. एजेंसी के अनुसार, यह तकनीक परीक्षा के दौरान और परीक्षा के बाद संभावित नकल या अनुचित गतिविधियों की पहचान करने में मदद करेगी.

उम्मीदवार नियमित रूप से जांचते रहें अपडेट
NTA ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट, ईमेल और मोबाइल संदेशों पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें. किसी भी नए निर्देश या बदलाव की जानकारी इन्हीं माध्यमों से जारी की जाएगी.

नियमों का उल्लंघन पड़ सकता है भारी
NTA ने साफ चेतावनी दी है कि नकल, प्रतिरूपण (Impersonation), अनुचित साधनों का उपयोग या परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे उम्मीदवारों को भविष्य की परीक्षाओं से भी प्रतिबंधित किया जा सकता है.

क्या पहनकर जाएं और क्या नहीं?
NEET-UG 2026 री-एग्जाम के लिए NTA ने ड्रेस कोड को लेकर भी स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए हैं. अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि सुरक्षा जांच में किसी प्रकार की परेशानी न हो. हालांकि, धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीक, जैसे कलावा, पगड़ी, हिजाब या अन्य धार्मिक वस्त्र पहनने की अनुमति होगी, लेकिन ऐसे उम्मीदवारों को केंद्र पर निर्धारित समय से काफी पहले पहुंचना होगा, ताकि उनकी विस्तृत जांच की जा सके. इसके अलावा मौसम की जरूरत को देखते हुए फुल स्लीव कपड़े या ऊनी वस्त्र पहनने की भी अनुमति दी गई है, लेकिन इसके लिए भी अतिरिक्त सुरक्षा जांच का सामना करना पड़ सकता है.

फुटवियर को लेकर NTA ने विशेष सावधानी बरतने को कहा है. उम्मीदवारों को चप्पल या कम हील वाले जूते पहनने की सलाह दी गई है, जबकि ऊंची हील वाले जूते पहनने पर अतिरिक्त जांच की जा सकती है. परीक्षा केंद्र के अंदर धातु (Metal) से बनी वस्तुएं, बड़े बेल्ट बकल, भारी आभूषण और अन्य धातुयुक्त एक्सेसरीज ले जाना प्रतिबंधित रहेगा. NTA ने साफ कहा है कि सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले अनिवार्य फ्रिस्किंग (Frisking) होगी, इसलिए उम्मीदवार समय पर केंद्र पहुंचें और ड्रेस कोड का पालन करें, अन्यथा प्रवेश से भी वंचित होना पड़ सकता है.

छोटी सी लापरवाही भी पड़ सकती है भारी
NEET-UG 2026 केवल एक प्रवेश परीक्षा नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा है. ऐसे में, अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और NTA द्वारा जारी हर दिशानिर्देश का पूरी गंभीरता से पालन करें. छोटी-सी लापरवाही भी परीक्षा के दिन बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है.

यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक मामले में टेलीग्राम को बड़ा झटका, दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रतिबंध हटाने से किया इनकार

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments