Ganga Expressway Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के हरदोई से देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक, गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य उद्घाटन किया. 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक फैला है और इसे राज्य के “विकास की लाइफलाइन” माना जा रहा है.
क्या है गंगा एक्सप्रेसवे की खासियत?
गंगा एक्सप्रेसवे एक 6-लेन (भविष्य में 8-लेन) ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जिसकी लागत 36,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों को जोड़ता है और आधुनिक तकनीक से लैस है.
इसमें हर किलोमीटर पर सीसीटीवी कैमरे, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और इमरजेंसी सेवाओं की सुविधा दी गई है. साथ ही, शाहजहांपुर के पास 3.5 किमी लंबी एयरस्ट्रिप भी बनाई गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर वायुसेना के विमान भी उतर सकेंगे.
यात्रा होगी आसान, समय में बड़ी कटौती
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज का सफर अब मात्र 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जो पहले 10-12 घंटे तक लगता था. यह परियोजना न सिर्फ यात्रा को तेज बनाएगी, बल्कि लॉजिस्टिक्स और माल ढ़ुलाई को भी आसान बनाएगी, जिससे व्यापार और उद्योग को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.
आर्थिक विकास को मिलेगा नया इंजन
गंगा एक्सप्रेसवे को केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि एक बड़े आर्थिक कॉरिडोर के रूप में देखा जा रहा है. इसके किनारे औद्योगिक क्लस्टर और लॉजिस्टिक्स हब विकसित किए जाएंगे, जिससे निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे कृषि, व्यापार और पर्यटन तीनों क्षेत्रों में तेजी लाएगा और पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक अंतर को कम करेगा.
उद्घाटन से पहले व्यापक तैयारियां
उद्घाटन समारोह को लेकर प्रशासन ने बड़े स्तर पर तैयारियां की थीं. कई जिलों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए. बदायूं जैसे जिलों में स्कूल तक बंद रखे गए, ताकि कार्यक्रम में कोई बाधा न आए.
यूपी के विकास में मील का पत्थर
गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढ़ांचे में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है. यह एक्सप्रेसवे पश्चिम, मध्य और पूर्वी यूपी को सीधे जोड़ते हुए राज्य के समग्र विकास को गति देगा.
बेहतर कनेक्टिविटी से बदलेगी तस्वीर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में कहा कि यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ साबित होगा और प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति देगा. पीएम मोदी द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन सिर्फ एक सड़क परियोजना की शुरुआत नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास के नए युग की शुरुआत है. बेहतर कनेक्टिविटी, तेज यात्रा और बढ़ते निवेश के साथ यह एक्सप्रेसवे आने वाले वर्षों में राज्य की तस्वीर बदल सकता है.
यह भी पढ़ें- सैन्य खर्च में भारत टॉप-5 में शामिल, आसपास भी नहीं पाकिस्तान, चीन बना सबसे बड़ी चुनौती




