Bihar Police Constable Result 2026: बिहार में पुलिस की नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 19,838 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. चयनित उम्मीदवार अब नियुक्ति और प्रशिक्षण की अगली प्रक्रिया में शामिल होंगे.
आधिकारिक वेबसाइट पर जारी हुआ रिजल्ट
CSBC ने रिजल्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया है. अभ्यर्थी रोल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी के जरिये अपना परिणाम देख सकते हैं. इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में सिपाही पदों पर नियुक्ति की जाएगी.
लंबी चयन प्रक्रिया के बाद आया अंतिम परिणाम
इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच जैसे कई चरण आयोजित किए गए थे. लाखों उम्मीदवारों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था, लेकिन अंतिम मेरिट सूची में केवल योग्य और सफल अभ्यर्थियों को ही स्थान मिला. बताया जा रहा है कि फिजिकल टेस्ट में लगभग 79 हजार उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से अंतिम रूप से 19,838 का चयन हुआ.
17 ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों का भी चयन
इस बार भर्ती प्रक्रिया में एक सकारात्मक और ऐतिहासिक पहलू भी देखने को मिला. अंतिम चयन सूची में 17 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को भी जगह मिली है. इसे सामाजिक समावेशन और समान अवसर की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. बिहार पुलिस में पहली बार इतनी संख्या में ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों का चयन चर्चा का विषय बना हुआ है.
श्रेणीवार कटऑफ भी जारी
रिजल्ट के साथ-साथ श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए गए हैं. सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 76 अंक बताई जा रही है, जबकि अन्य वर्गों के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित की गई है. इससे अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता का अंदाजा मिल रहा है.
सूत्रों के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. विभागीय प्रशिक्षण के बाद उम्मीदवारों को विभिन्न जिलों और बटालियनों में तैनाती दी जा सकती है. माना जा रहा है कि जून और जुलाई के बीच आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
युवाओं में खुशी की लहर
रिजल्ट जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है. कई उम्मीदवार वर्षों से इस भर्ती की तैयारी कर रहे थे. सोशल मीडिया पर भी अभ्यर्थी अपनी सफलता साझा कर रहे हैं और सरकार व चयन बोर्ड को पारदर्शी प्रक्रिया के लिए धन्यवाद दे रहे हैं.
निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया पर जोर
CSBC ने इस भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए कई कड़े कदम उठाए थे. परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई थीं. हाल के महीनों में नकल और फर्जीवाड़े के मामलों पर भी सख्ती दिखाई गई थी, ताकि योग्य उम्मीदवारों को ही मौका मिल सके.
यह भी पढ़ें- एक एग्जाम, दो करियर! JEE और NEET को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट




