Facebook Instagram Fact Check: सोशल मीडिया पर इन दिनों दावा तेजी से वायरल हो रहा है कि Facebook और Instagram रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रहेंगे. इस खबर के बाद भारत में भी यूजर्स के बीच चर्चा है कि क्या Meta ने भारतीय यूजर्स के लिए भी ऐसा नियम लागू कर दिया है. हालांकि, इस दावे की पूरी तस्वीर कुछ अलग है. 27 अगस्त 2026 तक उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, भारत में सभी यूजर्स के लिए Facebook और Instagram को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद करने का कोई फैसला नहीं हुआ है.
क्या है वायरल खबर की असली वजह?
दरअसल, Meta ने 26 अगस्त को अमेरिका के राज्यों और क्षेत्रों के अटॉर्नी जनरल के एक बड़े समूह के साथ समझौते की घोषणा की है. यह मामला बच्चों और किशोरों के सोशल मीडिया इस्तेमाल और उनकी ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ा है. Meta के मुताबिक, प्रस्तावित बदलाव अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के यूजर्स पर लागू होंगे और इन्हें न्यायिक मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा.
इस समझौते के तहत किशोरों के लिए Facebook और Instagram पर डिफॉल्ट तौर पर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक एक्सेस ब्लॉक किया जाएगा. साथ ही दोनों प्लेटफॉर्म पर मिलाकर रोजाना दो घंटे की डिफॉल्ट इस्तेमाल सीमा तय की जाएगी.
तो क्या भारत में भी रात का ‘डिजिटल कर्फ्यू’ लगेगा?
फिलहाल ऐसा कोई आधिकारिक ऐलान नहीं है. वायरल खबर में सबसे बड़ी गड़बड़ी यह है कि अमेरिका में किशोरों के लिए प्रस्तावित नियम को भारत के सभी Facebook और Instagram यूजर्स पर लागू होने वाला बताया जा रहा है.
Meta की आधिकारिक घोषणा स्पष्ट करती है कि ये नए सुरक्षा उपाय Participating US States and Territories में 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए हैं. इसलिए इसे भारत में सभी यूजर्स के लिए लागू नियम बताना गलत होगा.
किशोरों के लिए क्या-क्या बदलेगा?
अमेरिका में प्रस्तावित व्यवस्था के तहत Facebook और Instagram पर किशोरों के लिए रोजाना दो घंटे की डिफॉल्ट लिमिट होगी. रात 12 से सुबह 6 बजे तक ऐप का इस्तेमाल रोक दिया जाएगा. स्कूल के समय यानी सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक अधिकतर पुश नोटिफिकेशन भी डिफॉल्ट रूप से बंद रहेंगे. माता-पिता की अनुमति से कुछ सीमाएं बदली जा सकती हैं. ये बदलाव अदालत की मंजूरी के बाद लागू होने हैं.
Fact Check: दावा कितना सही?
दावा: भारत में Facebook और Instagram रात 12 से सुबह 6 बजे तक बंद होंगे.
फैक्ट: भ्रामक/गलत. रात में एक्सेस रोकने का फैसला अमेरिका में किशोर यूजर्स के लिए हुए समझौते का हिस्सा है, भारत में सभी यूजर्स के लिए ऐसा कोई नियम घोषित नहीं किया गया है.
इसलिए भारतीय यूजर्स को वायरल पोस्ट देखकर घबराने की जरूरत नहीं है. 27 अगस्त 2026 तक भारत में Facebook और Instagram के लिए रात 12 से सुबह 6 बजे तक देशव्यापी बंदी की कोई पुष्टि नहीं है.
यह भी पढ़ें- गाड़ी का चालान बताकर साइबर ठगी! SMS आते ही भूलकर भी न करें ये गलती




