Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने पहले ही दिन पदक का खाता खोल दिया है. रविवार, 20 सितंबर को भारतीय महिला निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया. सोनम उत्तम मस्कर, एलावेनिल वलारिवन और विदर्शा विनोद की तिकड़ी ने भारत को यह पदक दिलाया.
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में भारत को रजत
भारतीय टीम ने कुल 1898.0 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया. चीन ने 1904.2 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि मेजबान जापान 1897.1 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा. भारत और जापान के बीच अंतर सिर्फ 0.9 अंक का रहा.
चीन ने इस प्रदर्शन के साथ क्वालिफिकेशन का नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया. भारतीय तिकड़ी ने दबाव के बीच लगातार मजबूत प्रदर्शन करते हुए सिल्वर पर कब्जा जमाया और भारत के लिए इन खेलों का पहला पदक सुनिश्चित किया.
सोनम, एलावेनिल और विदारसा का शानदार प्रदर्शन
भारतीय टीम में सोनम उत्तम मस्कर ने सबसे अधिक 634.1 अंक जुटाए. एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 और विदर्शा विनोद ने 630.4 अंक का योगदान दिया. तीनों के संयुक्त प्रदर्शन से भारत 1898 अंक तक पहुंचा.
भारत के लिए आगे भी कई पदक मुकाबले
एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान अभी शुरुआती दौर में है. 20 सितंबर को शूटिंग के अलावा क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वुशू और अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ी मैदान में हैं. महिला क्रिकेट टीम बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेल रही है, जबकि भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों के भी मुकाबले निर्धारित हैं.
आइची-नागोया एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे हैं. भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे और इस बार भी भारतीय दल से कई खेलों में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है.
महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम का सिल्वर भारत के लिए इस अभियान की शानदार शुरुआत है. अब भारतीय खिलाड़ियों की कोशिश पदकों की संख्या बढ़ाने और अलग-अलग खेलों में मजबूत प्रदर्शन जारी रखने की होगी.
यह भी पढ़ें- ‘खेलेंगे तो खिलेंगे’! PM मोदी ने युवाओं में भरा जोश, खेल से विकसित भारत का दिखाया सपना




