HomeनेशनलCRPF पर हमले का 5 दिन में हिसाब! कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर...

CRPF पर हमले का 5 दिन में हिसाब! कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर समेत दो आतंकी ढ़ेर

Kulgam Encounter 2026: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ (CRPF) की नाका पार्टी पर हुए आतंकी हमले के 5 दिन बाद सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. दक्षिण कश्मीर के लारू इलाके में सोमवार, 16 नवंबर को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई. इसमें लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट्ट और उसका एक साथी मारा गया. दोनों आतंकियों को हाल ही में सीआरपीएफ पर हुए हमले से भी जुड़ा बताया जा रहा है. जम्मू-कश्मीर के DGP नलिन प्रभात ने दोनों आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है.

लारू में आतंकियों की मौजूदगी की मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को कुलगाम जिले के लारू इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिली थी. इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. इसी दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई.

इस कार्रवाई में लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट्ट समेत दो आतंकियों को मार गिराया गया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि मारे गए दोनों आतंकी कुलगाम में सीआरपीएफ पोस्ट पर हुए हालिया हमले में शामिल थे. दूसरे आतंकी की पहचान और हथियारों की बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है. हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में दूसरे आतंकी की पहचान उमर के रूप में बताई गई थी.

11 नवंबर को CRPF की नाका पार्टी पर हुआ था हमला
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ की नाका पार्टी को आतंकियों ने निशाना बनाया था. आतंकियों ने अचानक जवानों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं. इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे. इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई गई थी.

हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे. इसके बाद से ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं. सुरक्षाबलों ने मीर बाजार समेत आसपास के कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया.

500 से ज्यादा लोगों से हुई पूछताछ
हमले के बाद जांच एजेंसियों ने आतंकियों को मदद पहुंचाने वाले स्थानीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी थी. इस दौरान 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई. कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे जानकारी जुटाई गई. इसके अलावा, 15 से ज्यादा गांवों में तलाशी अभियान चलाए जाने की खबरें भी सामने आईं.

सुरक्षाबलों को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले थे. सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक संदीप खिरवार ने भी 16 नवंबर को बताया था कि जांच एजेंसियों को हमले से जुड़े कुछ सुराग मिले हैं. हालांकि, सुरक्षा कारणों से उन्होंने इन जानकारियों को सार्वजनिक नहीं किया था.

लतीफ भट्ट पर था 15 लाख रुपए का इनाम
मोहम्मद लतीफ भट्ट दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय स्थानीय कमांडर था. पुलिस के मुताबिक, उस पर अनंतनाग में 22 जुलाई 2026 को हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की हत्या और कुलगाम में गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या जैसे मामलों में शामिल होने का आरोप था. उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था.

कुलगाम में हुई इस मुठभेड़ को हालिया आतंकी हमले की जांच और आतंकियों की तलाश के लिहाज से बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की भी जांच कर रही हैं कि हमले में शामिल आतंकियों को स्थानीय स्तर पर किसने मदद पहुंचाई थी.

यह भी पढ़ें- मौत की सजा पर UN में बंटे देश! 133 देशों ने रोक का समर्थन किया, भारत समेत 33 ने किया विरोध

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments