Nitish Kumar Latest Decisions: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देने से पहले तेजी से बड़े और कड़े फैसले लेकर प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा रहे हैं. सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच सरकार का फोकस अब त्वरित सुधारों और अनुशासन पर नजर आ रहा है. स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर सरकारी कर्मचारियों के व्यवहार तक, कई अहम फैसले एक साथ लागू किए जा रहे हैं.
सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर पूर्ण रोक
नीतीश सरकार का सबसे बड़ा और चर्चित फैसला सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस को खत्म करने का है. नए आदेश के अनुसार, अब सरकारी अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टर किसी भी प्रकार की निजी क्लीनिक नहीं चला सकेंगे या प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर सकेंगे. इसके साथ ही डॉक्टरों को आर्थिक संतुलन देने के लिए गैर व्यावसायिक भत्ता / प्रोत्साहन राशि देने पर भी विचार किया जा रहा है.
सरकार का मानना है कि इससे सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित होगी और मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा. लंबे समय से यह शिकायत सामने आ रही थी कि कई डॉक्टर सरकारी ड्यूटी के समय भी निजी प्रैक्टिस को प्राथमिकता देते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ती है.
सोशल मीडिया पर सरकारी कर्मचारियों की आजादी पर लगाम
सरकार अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी सख्ती करने जा रही है. नए नियमों के तहत सरकारी कर्मचारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों को नियंत्रित किया जाएगा.
अगर कोई कर्मचारी फेसबुक, इंस्टाग्राम या X (ट्विटर) पर किसी राजनीतिक दल का समर्थन करता है, सरकार के खिलाफ टिप्पणी करता है या किसी विवादित बहस में हिस्सा लेता है, तो इसे सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना जाएगा.
ऐसे मामलों में चेतावनी से लेकर सस्पेंशन तक की कार्रवाई संभव है. सरकार का तर्क है कि सरकारी कर्मचारी को हर हाल में निष्पक्ष रहना चाहिए और सोशल मीडिया पर खुली राजनीतिक राय इस निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है.
प्रशासनिक अनुशासन पर सख्त रुख
इस्तीफे से पहले सरकार का ध्यान प्रशासनिक अनुशासन को मजबूत करने पर भी है. विभिन्न विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए.
अनुशासनहीनता, लापरवाही या अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. इससे यह साफ है कि सरकार अंतिम समय तक शासन व्यवस्था को प्रभावी और जवाबदेह बनाना चाहती है.
फैसलों के पीछे की रणनीति
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीतीश कुमार इस्तीफे से पहले अपनी प्रशासनिक विरासत को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं. वे ऐसे फैसले लागू कर रहे हैं, जो लंबे समय तक प्रभावी रहें और आने वाली सरकार के लिए एक स्पष्ट नीति ढ़ांचा तैयार करें. इन ताबड़तोड़ फैसलों से यह संदेश भी दिया जा रहा है कि उनकी प्राथमिकता हमेशा सुशासन, पारदर्शिता और सुधार की रही है.
बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल
नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे और उनके लगातार फैसलों ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हैं और विपक्ष भी इन फैसलों पर कड़ी नजर बनाए हुए है. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि नई सरकार इन नीतियों को जारी रखती है या इनमें बदलाव करती है.
आखिरी वक्त में एक्शन: निर्णायक नेतृत्व की झलक
इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार के ताबड़तोड़ फैसले यह दर्शाते हैं कि वे आखिरी समय तक सक्रिय और निर्णायक नेतृत्व देना चाहते हैं. सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर रोक और सरकारी कर्मचारियों की सोशल मीडिया आजादी पर लगाम जैसे कदम प्रशासनिक सुधारों की दिशा में बड़े बदलाव साबित हो सकते हैं. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इन फैसलों का भविष्य क्या होगा और बिहार की नई सरकार इन्हें किस रूप में आगे बढ़ाती है.
यह भी पढ़ें- बंगाल का महासंग्राम: क्या ममता का किला ढ़हेगा? भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत




