CBSE R3 Language Rule: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए सभी संबद्ध स्कूलों को 7 दिनों के भीतर तीसरी भाषा (R3) लागू करने का निर्देश दिया है. बोर्ड के इस फैसले को “अर्जेंट और अनिवार्य” बताया गया है और इसे 2026-27 शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाएगा. CBSE के सर्कुलर के अनुसार, कुछ स्कूलों ने पहले ही तीसरी भाषा की पढ़ाई शुरू कर दी है, लेकिन अब बाकी सभी स्कूलों को भी तय समय सीमा के अंदर इसे लागू करना होगा.
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों को तुरंत R3 भाषा पढ़ाना शुरू करना होगा. अगर किताबें उपलब्ध नहीं हैं तो भी पढ़ाई नहीं रुकेगी, बल्कि लोकल स्टडी मटेरियल और डिजिटल संसाधनों के जरिए शिक्षण जारी रखा जाएगा. साथ ही स्कूलों को OASIS पोर्टल पर भाषा से जुड़ी जानकारी अपडेट करनी होगी और इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी क्षेत्रीय कार्यालय करेंगे.
क्या है 3-लैंग्वेज फॉर्मूला?
यह नया नियम नई शिक्षा नीति 2020 के तहत लागू किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य छात्रों को बहुभाषी बनाना है. इस फॉर्मूले के तहत अब हर छात्र को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी. इसमें R1 पहली भाषा होती है, जो आमतौर पर मातृभाषा या क्षेत्रीय भाषा होती है. R2 दूसरी भाषा होती है, जो हिंदी या अंग्रेजी जैसी कोई अन्य भाषा हो सकती है, जबकि R3 तीसरी भाषा होती है, जिसे एक अतिरिक्त भारतीय या विदेशी भाषा के रूप में शामिल किया जाता है. इन तीनों में से कम से कम दो भाषाएं भारतीय होना अनिवार्य है.
R3 भाषा क्यों है खास?
इस नीति में R3 यानी तीसरी भाषा सबसे बड़ा बदलाव मानी जा रही है. इसे कक्षा 6 से अनिवार्य किया जा रहा है और यही भाषा आगे कक्षा 9 और 10 तक जारी रह सकती है. यानी छात्र जिस भाषा को कक्षा 6 में चुनेंगे, वही आगे बोर्ड कक्षाओं में उनके लिए विकल्प बन सकती है. यही वजह है कि स्कूलों को शुरुआत में ही भाषा चयन को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
बिना किताबों के भी शुरू होगी पढ़ाई
CBSE के इस फैसले में सबसे बड़ी बात यह है कि किताबें उपलब्ध न होने के बावजूद भी पढ़ाई शुरू करनी होगी. बोर्ड ने साफ किया है कि आधिकारिक किताबें जल्द जारी की जाएंगी, लेकिन तब तक स्कूलों को स्थानीय किताबों और डिजिटल मटेरियल के जरिए पढ़ाई जारी रखनी होगी, ताकि नए सिस्टम के लागू होने में देरी न हो.

छात्रों पर क्या होगा असर?
इस बदलाव का सीधा असर छात्रों पर पड़ेगा, क्योंकि अब उन्हें दो की जगह तीन भाषाएं पढ़नी होंगी. इससे शुरुआती तौर पर पढ़ाई का दबाव थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन साथ ही छात्रों की भाषा समझ और संचार क्षमता में भी सुधार होगा. आने वाले समय में तीनों भाषाओं में पास होना जरूरी हो सकता है, जिससे उनकी पढ़ाई का पैटर्न भी बदल जाएगा.
क्यों लिया गया यह फैसला?
CBSE के अनुसार इस निर्णय के पीछे कई बड़े उद्देश्य हैं, जिनमें भाषाई कौशल को मजबूत करना, सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देना, राष्ट्रीय एकता को प्रोत्साहित करना और छात्रों को वैश्विक स्तर पर तैयार करना शामिल है.
शिक्षा में नई दिशा
CBSE का यह कदम शिक्षा प्रणाली में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है. 7 दिनों के भीतर R3 भाषा लागू करने का आदेश स्कूलों के लिए चुनौती जरूर है, लेकिन इससे छात्रों को भविष्य में बहुभाषी और अधिक सक्षम बनने का अवसर मिलेगा. आसान शब्दों में कहें तो अब हर छात्र को R1, R2 और R3 यानी तीन भाषाएं पढ़नी होंगी और यही नया 3-लैंग्वेज फॉर्मूला है.
यह भी पढ़ें- Job Interview Tips: ऐसे करें सरकारी नौकरी के लिए इंटरव्यू की तैयारी, फॉलो करें ये टिप्स




