Homeधर्मआखिर क्यों दुनिया के बाकी सभी त्योहारों से अलग है छठ महापर्व?...

आखिर क्यों दुनिया के बाकी सभी त्योहारों से अलग है छठ महापर्व? जानिए इसकी अनोखी परंपराएं

Chhath Puja 2026: भारत में मनाए जाने वाले तमाम त्योहारों में छठ महापर्व का विशेष स्थान है. यह केवल पूजा-पाठ और व्रत का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार, अनुशासन, त्याग और समानता का संदेश देने वाला अनूठा त्योहार है. छठ की सबसे खास बात यह है कि इसमें डूबते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना की जाती है. यही परंपरा इसे दूसरे त्योहारों से अलग पहचान देती है. इस साल छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से होगी और इसका समापन 16 नवंबर 2026 को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा.

डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की अनूठी परंपरा
आमतौर पर लोग उगते सूरज को नई उम्मीद और सफलता का प्रतीक मानते हैं. लेकिन छठ पूजा में पहले डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. इसके अगले दिन उगते सूर्य की पूजा होती है. इसके पीछे एक गहरा जीवन संदेश छिपा है. यह पर्व सिखाता है कि जीवन में केवल सफलता और उन्नति का ही सम्मान नहीं होना चाहिए, बल्कि संघर्ष, अनुभव और कठिन समय को भी समान महत्व देना चाहिए. सूर्यास्त के बाद सूर्योदय की तरह मुश्किल समय के बाद अच्छे दिनों की उम्मीद हमेशा बनी रहती है.

नहाय-खाय से शुरू होता है चार दिवसीय महापर्व
छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला कठिन धार्मिक अनुष्ठान है. इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है. इस दिन व्रती स्नान करके घर और रसोई की अच्छी तरह सफाई करते हैं. इसके बाद लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल जैसे सात्विक भोजन ग्रहण किए जाते हैं. इस दिन से ही व्रत के नियमों का पालन शुरू हो जाता है.

खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ पूजा का दूसरा दिन खरना कहलाता है. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं. शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है. इसे भगवान सूर्य और छठी मैया को अर्पित करने के बाद व्रती ग्रहण करते हैं. इसके साथ ही लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाता है. इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं.

संध्या अर्घ्य में होती है डूबते सूर्य की पूजा
तीसरे दिन संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है. इस दिन ठेकुआ, फल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री बांस के सूप और दउरा में सजाई जाती है. शाम को व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब या दूसरे जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं. पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से घाटों का माहौल भक्तिमय हो जाता है.

भोरका अर्घ्य के साथ होता है व्रत का समापन
छठ पूजा का चौथा और अंतिम दिन उषा अर्घ्य कहलाता है. व्रती सूर्योदय से पहले घाटों पर पहुंचते हैं. सूर्य की पहली किरण दिखाई देने पर उन्हें अर्घ्य अर्पित किया जाता है. इसके बाद व्रती पारण करके अपना कठिन व्रत पूरा करते हैं और प्रसाद परिवार व आसपास के लोगों में बांटते हैं.

बिना भेदभाव के प्रकृति और समानता का संदेश
छठ महापर्व की एक और बड़ी विशेषता इसकी सादगी और समानता है. इसमें जाति, वर्ग या अमीर-गरीब का कोई भेद नहीं होता. व्रत महिलाएं और पुरुष दोनों कर सकते हैं. पूजा में किसी भव्य आयोजन या महंगे सामान की अनिवार्यता नहीं होती. ठेकुआ, फल, गन्ना और बांस के सूप जैसी पारंपरिक वस्तुओं से पूजा की जाती है.

छठ पूजा में भगवान सूर्य के साथ प्रकृति और जल के महत्व को भी सम्मान दिया जाता है. यही वजह है कि यह महापर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, परिवार की खुशहाली और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है.

यह भी पढ़ें- जब सूर्यदेव ने असुर को दिया अपना पुत्र बनने का वरदान, जानिए छठ पूजा से जुड़ी कर्ण की कहानी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments