ISRO Privatisation Fact Check: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के निजीकरण को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया और खबरों में चर्चा तेज है. इसकी वजह है ISRO के विभिन्न केंद्रों से जुड़े 9 कर्मचारी संगठनों की 4 सितंबर 2026 को भेजी गई संयुक्त चिट्ठी. संगठनों ने ISRO चेयरमैन और अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर निजी क्षेत्र की बढ़ती भूमिका और ISRO के भविष्य को लेकर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है. लेकिन क्या इसका मतलब यह है कि सरकार ISRO को निजी हाथों में सौंपने जा रही है? फैक्ट चेक में तस्वीर इससे अलग नजर आती है.
9 कर्मचारी संगठनों ने क्यों जताई चिंता?
कर्मचारी संगठनों की चिंता मुख्य रूप से ISRO के कामकाज में हो रहे बदलाव को लेकर है. रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने सवाल उठाया है कि यदि रॉकेट और उपग्रहों के उत्पादन जैसी गतिविधियों में निजी कंपनियों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ती है, तो भविष्य में ISRO की जिम्मेदारी क्या होगी और मौजूदा कर्मचारियों की भूमिका किस तरह बदलेगी. खास तौर पर ISRO की पारंपरिक भूमिका, रोजगार और संस्थान की दीर्घकालिक दिशा को लेकर स्पष्टता मांगी गई है.
नई तकनीक और रिसर्च पर फोकस करेगा ISRO
सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक, भारत ने 2020 से अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलने की नीति अपनाई है. Indian Space Policy 2023 ने भी निजी क्षेत्र को स्पेस इकोसिस्टम की पूरी वैल्यू चेन में भागीदारी का रास्ता दिया है.
ISRO की अपनी वेबसाइट पर भी स्पष्ट किया गया है कि ISRO का फोकस नई तकनीक, उन्नत मिशन, क्षमता निर्माण और R&D पर अधिक करने की योजना है, जबकि NSIL और उद्योग को कुछ परिचालन व व्यावसायिक गतिविधियों में बड़ी भूमिका दी जा रही है. यानी इसे सीधे-सीधे ISRO के निजीकरण के तौर पर देखना सही नहीं होगा.
सरकार की नीति क्या है?
सरकार का तर्क है कि निजी कंपनियों की भागीदारी से भारत का स्पेस सेक्टर तेजी से बढ़ेगा और ISRO को अत्याधुनिक अनुसंधान व नई तकनीकों पर ज्यादा ध्यान देने का अवसर मिलेगा. इसी नीति के तहत SSLV जैसी तकनीकों को उद्योग को ट्रांसफर किया जा रहा है. अगस्त 2026 में ISRO ने भी बताया कि SSLV की तकनीक के निजी उद्योग को हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है.
वहीं, 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस कार्यक्रम में ISRO चेयरमैन वी. नारायणन ने स्पष्ट किया कि निजी कंपनियों की लॉन्च गतिविधियों को भी ISRO का सहयोग मिल रहा है. यानी निजी क्षेत्र को अंतरिक्ष कार्यक्रमों में आगे बढ़ाने के लिए ISRO तकनीकी और अन्य जरूरी मदद कर रहा है. IN-SPACe प्रमुख पवन गोयनका ने भी निजी स्पेस सेक्टर की सफलता के लिए ISRO की तकनीकी विरासत और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया.
ISRO का निजीकरण नहीं, काम करने के तरीके में बदलाव
सरकार और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का कहना है कि ISRO का निजीकरण नहीं किया जा रहा है. इसके बजाय अंतरिक्ष क्षेत्र में ISRO और निजी कंपनियों के बीच सहयोग बढ़ाया जा रहा है, ताकि संगठन अपने संसाधनों और विशेषज्ञता का इस्तेमाल अत्याधुनिक अनुसंधान, नई तकनीकों और महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशनों पर अधिक केंद्रित कर सके.
सरकार की नीति के तहत ISRO द्वारा विकसित और परिपक्व हो चुकी तकनीकों को निजी उद्योग तक पहुंचाया जा रहा है. उद्देश्य यह है कि ऐसी तकनीकों का बड़े पैमाने पर उत्पादन निजी कंपनियां और स्टार्टअप कर सकें, जबकि ISRO नई तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान और जटिल अंतरिक्ष अभियानों पर अपना ध्यान केंद्रित करे. सरकार का तर्क है कि इससे भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की क्षमता और लॉन्च की संख्या दोनों बढ़ाई जा सकेंगी.
ISRO के निजीकरण का दावा भ्रामक
अभी उपलब्ध आधिकारिक जानकारी में ISRO को किसी निजी कंपनी को बेचने या उसका सरकारी संगठन का दर्जा खत्म करने की घोषणा नहीं है. हां, ISRO के काम करने के मॉडल में बड़ा बदलाव जरूर हो रहा है, जिसमें उत्पादन, व्यावसायिक लॉन्च और कुछ परिचालन गतिविधियों में NSIL व निजी उद्योग की भूमिका बढ़ाई जा रही है.
इसलिए 9 कर्मचारी संगठनों की चिट्ठी को ISRO के “निजीकरण की पुष्टि” मानना सही नहीं होगा. यह मुख्य रूप से भूमिका, जिम्मेदारी और भविष्य की कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्टीकरण की मांग है.
यह भी पढ़ें- जिसे कहते थे ‘नॉटी बॉय’, उसी ने कर दिया कमाल! ISRO ने रचा अंतरिक्ष में नया इतिहास




