Delhi Railway Festival Security: त्योहारों के मौसम में घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 1,300 अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) जवानों की तैनाती की है. इसके बाद दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर तैनात कुल RPF जवानों की संख्या बढ़कर 2,040 हो गई है.
दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और दूसरे राज्यों के लिए यात्रा करते हैं. ऐसे में, रेलवे प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारी शुरू कर दी है.
दिल्ली के इन प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं. इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है. इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
RPF के जवान 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे. उनका काम स्टेशन पर भीड़ को संभालना, यात्रियों की मदद करना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना होगा. रेलवे का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी न हो.
प्लेटफॉर्म पर भीड़ रोकने के लिए किए गए खास इंतजाम
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थायी पैसेंजर होल्डिंग एरिया बनाया गया है. यह प्लेटफॉर्म नंबर 16 के अजमेरी गेट की ओर स्थित है. यहां यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले व्यवस्थित तरीके से इंतजार करने की सुविधा मिलेगी.
इसके अलावा यात्रियों के सामान की जांच के लिए बैगेज स्कैनर लगाने और भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम किए जा रहे हैं. रेलवे का उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ और अव्यवस्था को रोकना है.
14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक
त्योहारों के दौरान अनावश्यक भीड़ कम करने के लिए दिल्ली के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 3 से 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद की गई है. इसमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, गाजियाबाद और आनंद विहार हॉल्ट शामिल हैं. हालांकि, बुजुर्गों, बीमार, दिव्यांग और जरूरतमंद यात्रियों की सहायता के लिए उनके साथ आने वाले लोगों को नियमानुसार छूट दी जाएगी.
यात्रियों के लिए रेलवे की जरूरी सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर समय से पहुंचें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं और निर्धारित प्रवेश व निकास रास्तों का इस्तेमाल करें. किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत RPF जवानों को दें.
त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन का समय, प्लेटफॉर्म और टिकट की जानकारी पहले ही जांच लेनी चाहिए. इन व्यवस्थाओं का मकसद त्योहारों में यात्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करना है.
यह भी पढ़ें- ट्रेन में सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर! रात 11 से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट




