Bihar Politics: मुंगेर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बुधवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला. वोटिंग से ठीक पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के प्रत्याशी संजय सिंह ने अचानक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया, जिससे चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं. संजय सिंह ने भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय और एनडीए को अपना समर्थन देने की घोषणा की. उनके इस फैसले ने जिले की राजनीति का पूरा माहौल बदल दिया है. सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से संजय सिंह लगातार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में थे, लेकिन उनके इस निर्णय की भनक जन सुराज के खेमे तक नहीं पहुंची.
भाजपा में संजय सिंह के शामिल होने के बाद मुंगेर की चुनावी जंग अब और दिलचस्प हो गई है. अब मुकाबला सीधे महागठबंधन बनाम एनडीए के बीच सिमट गया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संजय सिंह का मजबूत जनाधार और उनकी स्थानीय पकड़ एनडीए के लिए निर्णायक साबित हो सकती है. वहीं, महागठबंधन खेमे में इस घटनाक्रम को लेकर बेचैनी साफ झलक रही है.
स्थानीय मतदाताओं के बीच भी इस सियासी फेरबदल की चर्चा जोर पकड़ चुकी है. लोग इसे मुंगेर की राजनीति में “गेमचेंजर कदम” के रूप में देख रहे हैं. बताया जाता है कि संजय सिंह वर्तमान में जिला परिषद सदस्य हैं और लगातार तीसरी बार इस पद पर निर्वाचित हुए हैं. जनता के बीच उनकी सक्रियता और लोकप्रिय छवि भाजपा के लिए चुनावी फायदा दिला सकती है.
विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुए इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने महागठबंधन और जन सुराज की रणनीति को गहरा झटका दिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इस नए समीकरण का कितना लाभ उठा पाती है और मतदाता इस राजनीतिक बदलाव को किस रूप में स्वीकार करते हैं.
यह भी पढ़ें- Bihar Election 2025: चुनावी कैंपेन में भाई-भाई भिड़े, तेजस्वी यादव बनाम तेज प्रताप यादव




