Asha Bhosle Death: भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. महान पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन से न सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है.
मुंबई के अस्पताल में ली अंतिम सांस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशा भोसले ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली. उन्हें शनिवार को ही अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों के अनुसार, रविवार को उनकी हालत अचानक बिगड़ी और अंततः मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हो गया.
सोमवार को होगा अंतिम संस्कार
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 13 अप्रैल को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा. इससे पहले सुबह 11 बजे से लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे.
एक युग का अंत
आशा भोसले को भारतीय सिनेमा की सबसे बहुमुखी गायिकाओं में गिना जाता है. उन्होंने अपने करियर में हजारों गाने गाए और कई भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा.
उनकी गायकी की खासियत यह थी कि उन्होंने रोमांटिक, गजल, पॉप, क्लासिकल और आइटम सॉन्ग हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई. उनके निधन को भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है.
देशभर में शोक, नेताओं और कलाकारों ने जताया दुख
आशा भोसले के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई. देश के कई बड़े नेताओं और कलाकारों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया.
फैंस और इंडस्ट्री में गहरा सदमा
उनके निधन से फिल्म और संगीत जगत में गहरा सदमा है. दशकों तक अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली इस महान कलाकार की कमी हमेशा महसूस की जाएगी. फैंस सोशल मीडिया पर उनके गीतों को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
विरासत जो हमेशा जिंदा रहेगी
आशा भोसले सिर्फ एक गायिका नहीं, बल्कि एक युग थीं. उनकी आवाज, उनका अंदाज और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा. उनका जाना भारतीय संगीत के इतिहास में एक अपूरणीय क्षति के रूप में दर्ज हो गया है.
यह भी पढ़ें- धुरंधर: द रिवेंज- पाकिस्तान के खिलाफ फिल्म, लेकिन दर्द भारत में; आखिर क्यों जल रही है बहस की आग?




