Delhi Cheapest Bartan Bazaar: महंगाई के दौर में जहां रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है, वहीं दिल्ली का एक ऐसा बाजार लोगों के लिए राहत लेकर आया है, जहां बर्तन बेहद सस्ते दामों पर मिल रहे हैं. पुरानी दिल्ली के सदर बाजार स्थित डिप्टी गंज बर्तन बाजार इन दिनों चर्चा में है, जहां खरीदारी करने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. यह बाजार खास तौर पर उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है जो कम बजट में किचन का पूरा सेटअप तैयार करना चाहते हैं या छोटे व्यवसाय के लिए थोक में सामान खरीदना चाहते हैं.
सिर्फ 2 रुपए से शुरू हो जाती है खरीदारी
इस बाजार की सबसे बड़ी खासियत इसकी कीमतें हैं. यहां बर्तनों की शुरुआत महज 2 रुपए से हो जाती है. छोटे-छोटे बर्तन जैसे चम्मच, कटोरी या गिलास बेहद सस्ते दामों में मिल जाते हैं. वहीं थाली, भगोना, पतीला और अन्य किचन आइटम 5 से 15 रुपए तक में आसानी से मिल जाते हैं. यही वजह है कि यहां हर वर्ग के लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं और बड़ी मात्रा में सामान ले जाते हैं.
किलो के भाव भी मिलते हैं बर्तन
डिप्टी गंज बाजार की एक और खास बात यह है कि यहां बर्तन किलो के भाव भी खरीदे जा सकते हैं. थोक व्यापारी और छोटे दुकानदार यहां से बड़ी मात्रा में सामान खरीदकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाते हैं. अगर आप होटल, ढ़ाबा या केटरिंग का काम करते हैं, तो यह बाजार आपके लिए किसी खजाने से कम नहीं है. यहां आपको कम कीमत में ज्यादा सामान मिल जाता है, जिससे लागत भी कम हो जाती है.
हर तरह के बर्तन एक ही जगह
इस बाजार में स्टील, एल्यूमिनियम, पीतल और तांबे के बर्तन आसानी से उपलब्ध हैं. इसके अलावा इंडक्शन के बर्तन, कुकिंग सेट, इडली सांचा, स्टैंड और कई तरह के किचन एक्सेसरीज भी यहां सस्ते दामों में मिल जाते हैं. यही वजह है कि शादी-ब्याह या बड़े आयोजनों के लिए भी लोग यहीं से बर्तन खरीदना पसंद करते हैं. यहां तक कि कई दुकानों पर बर्तनों पर नाम लिखवाने की सुविधा भी मिल जाती है, जो इसे और खास बनाती है.
एशिया का सबसे बड़ा बर्तन बाजार
सदर बाजार का डिप्टी गंज क्षेत्र एशिया के सबसे बड़े बर्तन बाजारों में गिना जाता है. यहां थोक और खुदरा दोनों तरह की खरीदारी की जा सकती है, जिससे यह बाजार हर तरह के ग्राहकों के लिए उपयुक्त बन जाता है. देश के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी यहां आते हैं और बड़े पैमाने पर खरीदारी करते हैं, जिससे इस बाजार की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है.
बजट फ्रेंडली मार्केट, हर वर्ग के लिए फायदेमंद
दिल्ली का यह बर्तन बाजार सिर्फ सस्ती खरीदारी का ठिकाना नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों और आम लोगों के लिए बड़ी राहत का केंद्र बन चुका है. अगर आप कम कीमत में ज्यादा और बेहतर बर्तन खरीदना चाहते हैं, तो सदर बाजार का डिप्टी गंज मार्केट आपके लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें- फ्लैट से शुरू करें ये स्मार्ट बिजनेस, सोसायटी में बैठे-बैठे होगी जबरदस्त कमाई




