Flash Flood: नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई विनाशकारी बाढ़ ने एक बार फिर पूरी दुनिया का ध्यान Flash Flood यानी अचानक आने वाली बाढ़ की तरफ खींच दिया है. नेपाल-चीन सीमा के हिमालयी क्षेत्र में ग्लेशियर के ढ़हने से बर्फ, चट्टान, मिट्टी और पानी का विशाल प्रवाह नदियों में पहुंचा और देखते ही देखते नीचे के इलाकों में तबाही मच गई. 29 अगस्त तक बचाव अभियान जारी है और हजारों लोग लापता बताए जा रहे हैं.
Flash Flood क्या होती है?
Flash Flood ऐसी बाढ़ को कहा जाता है जिसमें पानी का स्तर बेहद कम समय में तेजी से बढ़ जाता है. यह केवल सामान्य भारी बारिश से ही नहीं आती, बल्कि बादल फटने, अचानक बांध टूटने, पहाड़ी झील के फटने, भूस्खलन या ग्लेशियर के टूटने जैसी घटनाओं से भी पैदा हो सकती है.
इसकी सबसे बड़ी खासियत है रफ्तार. सामान्य बाढ़ में पानी बढ़ने के लिए कई घंटे या दिन मिल सकते हैं, लेकिन फ्लैश फ्लड में लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचने के लिए बेहद कम समय मिलता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग भी फ्लैश फ्लड के जोखिम और चेतावनी के लिए अलग बुलेटिन जारी करता है.
अचानक बाढ़ आती कैसे है?
जब किसी सीमित क्षेत्र में बहुत कम समय में अत्यधिक पानी जमा हो जाता है और जमीन या नदी उसे संभाल नहीं पाती, तो पानी तेजी से नीचे की ओर बहने लगता है. पहाड़ी इलाकों में ढ़लान इसकी रफ्तार और बढ़ा देती है.
कई बार नदी के रास्ते में भूस्खलन या बर्फ-चट्टान का मलबा जमा होकर अस्थायी बांध बना देता है. इसके पीछे पानी जमा होता रहता है. अचानक यह अवरोध टूटने पर पानी और मलबा एक साथ नीचे की तरफ दौड़ता है. यही स्थिति फ्लैश फ्लड को बेहद खतरनाक बना देती है.
नेपाल में क्यों बनी इतनी भयावह स्थिति?
26 अगस्त को नेपाल के रसुवा क्षेत्र और चीन के तिब्बत से लगे हिमालयी इलाके में ग्लेशियर के ढ़हने और उससे जुड़े बर्फ-चट्टान के भारी बहाव ने नदी तंत्र में अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा पहुंचाया. इसके बाद तेज बहाव ने सड़क, पुल, बस्तियों और जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचाया.
29 अगस्त की रिपोर्टों के मुताबिक, नेपाल और तिब्बत में मृतकों की संख्या 600 से ऊपर पहुंच चुकी है और करीब 3,000 लोग अब भी लापता हैं. नेपाल में राहत और खोज अभियान मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों व खराब मौसम के बीच जारी है.
Flash Flood इतनी जानलेवा क्यों होती है?
फ्लैश फ्लड सिर्फ पानी नहीं लाती. इसके साथ चट्टान, पेड़, मिट्टी, बर्फ और मलबा भी तेज गति से बह सकता है. यही मलबा पुलों, सड़कों और मकानों को पल भर में नुकसान पहुंचा सकता है.
पहाड़ी क्षेत्रों में खतरा इसलिए और बढ़ जाता है, क्योंकि संकरी घाटियों में पानी का बहाव केंद्रित होकर बेहद शक्तिशाली हो जाता है. नेपाल की हालिया त्रासदी इसी खतरे का गंभीर उदाहरण है.
क्या फ्लैश फ्लड को रोका जा सकता है?
प्राकृतिक फ्लैश फ्लड को पूरी तरह रोकना संभव नहीं है, लेकिन समय रहते चेतावनी देकर जान-माल का नुकसान काफी कम किया जा सकता है. मौसम निगरानी, नदी और ग्लेशियर की निगरानी, सायरन सिस्टम, स्थानीय अलर्ट और समय पर निकासी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
नेपाल की घटना ने यह भी दिखाया है कि हिमालय जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में Early Warning System और स्थानीय स्तर पर आपदा तैयारी कितनी जरूरी है. विशेषज्ञों के अनुसार, बदलते मौसम और बढ़ती चरम घटनाओं के दौर में ऐसी निगरानी को और मजबूत करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें- बाढ़ की चेतावनी को लेकर नेपाल-चीन में ठनी! बीजिंग ने आरोपों पर दिया जवाब




