Dog Owners New Rules Switzerland: स्विट्जरलैंड के इटालियन-भाषी कैंटन टिसिनो (Ticino) के सीमावर्ती शहर कियासो (Chiasso) ने सार्वजनिक स्वच्छता को लेकर एक अनोखा नियम लागू करने का फैसला किया है. अब यदि कोई कुत्ता सड़क, फुटपाथ या किसी इमारत की दीवार पर पेशाब (यूरिन) करता है, तो उसके मालिक को तुरंत पानी डालकर उस जगह को साफ करना होगा. ऐसा नहीं करने पर पहले चेतावनी और दोबारा नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाया जाएगा. यह नियम अगस्त 2026 के मध्य से प्रभावी होने जा रहा है और इसे स्विट्जरलैंड में अपनी तरह का पहला नियम माना जा रहा है.
क्यों लिया गया यह फैसला?
नगर प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि गर्मी और सूखे मौसम के कारण शहर के कई हिस्सों में कुत्तों के पेशाब से तेज दुर्गंध फैल रही है. खासकर शहर के केंद्र, फुटपाथों और इमारतों के प्रवेश द्वारों के आसपास यह समस्या अधिक महसूस की जा रही थी.
इसी को देखते हुए नगर परिषद ने फैसला किया कि केवल कुत्ते की पॉटी उठाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि जहां कुत्ता पेशाब करेगा, वहां पानी डालकर उसे साफ करना भी जरूरी होगा. प्रशासन का कहना है कि इसका उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देना है.
डॉग वॉक पर क्या-क्या साथ रखना होगा?
कुत्ते की पॉटी उठाने के लिए वेस्ट बैग.
पेशाब साफ करने के लिए पानी से भरी बोतल.
यदि कुत्ता सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करता है तो मालिक को तुरंत उस स्थान पर पानी डालकर उसे धोना होगा. नगर पुलिस नियमित गश्त के दौरान इस नियम के पालन की निगरानी करेगी.
नियम तोड़ने पर कितना लगेगा जुर्माना?
नगर प्रशासन के अनुसार, पहली बार नियम तोड़ने वालों को चेतावनी दी जाएगी. यदि वही व्यक्ति दोबारा नियम का उल्लंघन करता है तो 100 स्विस फ्रैंक (CHF) का जुर्माना लगाया जाएगा. भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत 11 हजार रुपये से अधिक बैठती है.
दूसरे शहर भी अपना सकते हैं ऐसा नियम
कियासो के इस फैसले के बाद स्विट्जरलैंड के अन्य शहरों में भी इस तरह के नियम पर चर्चा शुरू हो गई है. रिपोर्टों के मुताबिक, लोकार्नो (Locarno) नगर प्रशासन भी इसी प्रकार का प्रस्ताव विचाराधीन रख सकता है. वहीं, यूरोप के कुछ अन्य शहरों- जैसे इटली के लिवोर्नो और पार्मा में भी सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों के पेशाब को लेकर इसी तरह के नियम पहले ही लागू किए जा चुके हैं.
स्वच्छता और जिम्मेदारी पर जोर
विशेषज्ञों का मानना है कि पालतू जानवरों की संख्या बढ़ने के साथ सार्वजनिक स्वच्छता बनाए रखना भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. कियासो प्रशासन का कहना है कि नगर निगम नियमित रूप से सड़कों की सफाई करता है, लेकिन हर जगह हर समय मौजूद रहना संभव नहीं है. इसलिए पालतू जानवरों के मालिकों की जिम्मेदारी भी तय की गई है.
नगर प्रशासन को उम्मीद है कि इस नियम से शहर में दुर्गंध कम होगी, सार्वजनिक स्थान अधिक साफ रहेंगे और लोग अपने पालतू जानवरों के प्रति अधिक जिम्मेदार व्यवहार अपनाएंगे.
यह भी पढ़ें- 12 हजार आवेदन, फिर भी बेरोजगार! युवक बोला- अब डर और शर्म सब खत्म




