LPG Cylinder Fact Check: हाल के दिनों में सोशल मीडिया और कुछ खबरों में यह दावा तेजी से वायरल हुआ कि अब घरेलू 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर में केवल 10 किलो गैस दी जाएगी. इससे लोगों के बीच भ्रम और चिंता दोनों बढ़ गई. आइए जानते हैं इस दावे की सच्चाई क्या है और सरकार ने इस पर क्या कहा है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और सप्लाई चेन में आई बाधाओं के कारण भारत में एलपीजी आपूर्ति को लेकर चिंता जरूर बढ़ी है. इसी बीच, खबरें आईं कि तेल कंपनियां गैस की कमी से निपटने के लिए 14.2 किलो के सिलेंडर में सिर्फ 10 किलो गैस भरने पर विचार कर रही हैं. इसी खबर ने सोशल मीडिया पर “10 किलो गैस” वाले दावे को हवा दे दी.
सरकार का साफ बयान
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. मंत्रालय की ओर से साफ कहा गया है कि 14.2 किलो के सिलेंडर में 10 किलो गैस देने की खबरें “सिर्फ अटकलें” हैं और ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.
फिर ये खबरें क्यों आईं?
असल में, गैस की संभावित कमी को देखते हुए तेल कंपनियों के स्तर पर कुछ वैकल्पिक योजनाओं पर विचार जरूर हुआ था. इसमें यह भी शामिल था कि जरूरत पड़ने पर कम मात्रा में गैस देकर ज्यादा घरों तक सप्लाई पहुंचाई जा सके. लेकिन यह केवल एक संभावित आपातकालीन योजना थी, जिसे लागू नहीं किया गया.
अभी क्या है स्थिति?
सरकार के अनुसार, देश में एलपीजी सप्लाई जारी है, कहीं भी “ड्राई आउट” जैसी स्थिति नहीं है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि अभी ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ है और उपभोक्ताओं को 14.2 किलो गैस ही मिलती रहेगी. हालांकि, वैश्विक परिस्थितियों के कारण स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
जरूरी सलाह
अफवाहों पर भरोसा न करें
सिलेंडर लेते समय वजन जरूर जांचें
किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत शिकायत दर्ज करें
यह भी पढ़ें- धुरंधर: द रिवेंज- पाकिस्तान के खिलाफ फिल्म, लेकिन दर्द भारत में; आखिर क्यों जल रही है बहस की आग?




