NCR Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को लंबे समय बाद साफ और ताजी हवा का अहसास हो रहा है. लगातार बारिश, आंधी और तेज हवाओं की वजह से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में बड़ा सुधार दर्ज किया गया है. कई इलाकों में AQI ‘ग्रीन जोन’ और ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गया है, जिससे लोगों को पहाड़ों जैसी ताजगी महसूस हो रही है.
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहतर रही. अलीपुर में AQI 83, आनंद विहार में 112, अशोक विहार में 86, बवाना में 89, बुराड़ी क्रॉसिंग में 75, कैंटोनमेंट एरिया में 72 और चांदनी चौक में 104 दर्ज किया गया.
वहीं, नोएडा के सेक्टर-125 में 93, सेक्टर-62 में 73, सेक्टर-1 में 96 और सेक्टर-116 में 84 AQI रिकॉर्ड किया गया. ये आंकड़े बताते हैं कि ज्यादातर जगहों पर हवा ‘अच्छी’ या ‘संतोषजनक’ स्तर पर है. गाजियाबाद में भी हालात सुधरे हुए नजर आ रहे हैं. इंदिरापुरम में AQI 84, लोनी में 126, संजय नगर में 84 और वसुंधरा में 82 दर्ज किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, 8 अप्रैल को अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 17°C रहने का अनुमान है. पूरे दिन ‘थंडरस्टॉर्म विद रेन’ की स्थिति बनी रहेगी. सुबह से शाम तक हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके तहत लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह, दोपहर और शाम तीनों समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इसका असर जनजीवन पर भी दिख रहा है. कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है.
हालांकि, इस बदले मौसम का सकारात्मक पहलू यह है कि प्रदूषण का स्तर काफी घट गया है और लोगों को स्वच्छ हवा मिल रही है. विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो आने वाले दिनों में भी AQI बेहतर श्रेणी में रह सकता है.
वहीं, 9 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है. उस दिन अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 17°C रह सकता है. फिलहाल किसी नई चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है.
यह भी पढ़ें- बिहार में निजी स्कूलों की मनमानी पर बड़ा प्रहार! फिक्स दुकान से खरीदारी पर प्रशासन का सख्त वार




