TMC Symbol Row 2026: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर चल रहे विवाद में चुनाव आयोग ने दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के लिए अलग-अलग नाम और चुनाव चिह्न तय कर दिए हैं. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को ‘Mamata All India Trinamool Congress’ नाम और ‘Football Player’ यानी फुटबॉल खिलाड़ी का चिह्न मिला है. वहीं ऋतब्रत बनर्जी से जुड़े गुट को ‘Democratic Trinamool Congress’ नाम और ‘Envelope’ यानी लिफाफे का चिह्न आवंटित किया गया है.
पहले TMC के मूल नाम और चिह्न पर लगी थी रोक
यह फैसला चुनाव आयोग के 17 सितंबर के अंतरिम आदेश के बाद आया है. आयोग ने दोनों गुटों को ‘All India Trinamool Congress’ नाम और पार्टी के आरक्षित ‘Flowers & Grass’ (फूल और घास) चुनाव चिह्न के इस्तेमाल से रोक दिया था. दोनों पक्षों के बीच पार्टी के संगठन और असली प्रतिनिधित्व को लेकर विवाद चल रहा है.
आयोग ने तत्काल व्यवस्था इसलिए की, क्योंकि आगामी उपचुनावों के लिए समय कम था और पार्टी के नाम व चिह्न पर विवाद का अंतिम फैसला करने में अधिक समय लग सकता था.
दोनों गुटों ने दिए थे तीन-तीन विकल्प
आयोग ने दोनों पक्षों से अपनी पसंद के तीन नाम और तीन मुक्त चुनाव चिह्न प्राथमिकता के क्रम में देने को कहा था. इसके बाद आयोग ने उपलब्ध विकल्पों में से दोनों गुटों के लिए अलग-अलग पहचान तय की.
अब उपचुनाव में ममता गुट ‘Mamata All India Trinamool Congress’ नाम और फुटबॉल खिलाड़ी चिह्न के साथ मैदान में होगा. दूसरी ओर, ऋतब्रत से जुड़े गुट को ‘Democratic Trinamool Congress’ और लिफाफा चुनाव चिह्न दिया गया है.
नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव पर असर
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है. दोनों गुटों ने इन चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं. इसलिए चुनाव आयोग का यह अंतरिम फैसला नामांकन और चुनावी प्रक्रिया के लिए तत्काल महत्वपूर्ण है.
क्या मूल TMC का फैसला हो गया?
यह अंतिम फैसला नहीं है. चुनाव आयोग अभी पार्टी के नाम और आरक्षित चुनाव चिह्न पर दोनों पक्षों के दावों की विस्तृत जांच कर रहा है. मूल TMC नाम और ‘Flowers & Grass’ चिह्न को लेकर अंतिम निर्णय बाद में Election Symbols (Reservation and Allotment) Order, 1968 के Paragraph 15 के तहत किया जाएगा. इसलिए फिलहाल दोनों नए नाम और चिह्न आगामी उपचुनावों के लिए अंतरिम व्यवस्था के तहत इस्तेमाल किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- ममता गुट हो या दूसरा खेमा, कोई नहीं इस्तेमाल कर सकेगा TMC का नाम-सिंबल; EC का आदेश




